Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव-2019 के मद्देनजर बृहस्पतिवार को प्रथम चरण के लिए 20 राज्यों की 91 सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान होना है। आइए जानते हैं मतदान के दिन ज्यादातर राज्यों में कैसा रहेगा मौसम का हाल? कहां होगी बारिश और कहां चल सकती है आंधी?
पहले चरण के मतदान के दिन 11 अप्रैल को दिल्ली के साथ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर का मौसम एक समान रहेगा। वहीं, भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के मुताबिक, बृहस्पतिवार यानी 11 अप्रैल को मतदान के रोज तेज धूप और तापमान में इजाफा बरकरार रहेगा। आसमान तो साफ रहेगा, लेकिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाएगा। वहीं, देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर-प्रदेश को लेकर मौसम विभाग के अनुमान है कि यहां आसमान रहने के साथ शुष्क और गर्म रहेगा। यह भी बताया गया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है।
लोकसभा चुनाव के लिए मतदान के दिन 20 राज्यों में से ज्यादातर में 11 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान में बताया है कि बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा में दोपहर के वक्त तेज चटख धूप खिलेगी, जिससे पारा 40 डिग्री तक पहुंचेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 10 की तरह ही 11 अप्रैल को भी एक समान मौसम रहने के आसार हैं। दोपहर में तापमान बढ़ने की वजह से गरमी बढ़ेगी, हालांकि सुबह और शाम के वक्त पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। 12 अप्रैल से एक बार फिर आसमान में बादल छाने के आसार हैं।
11 अप्रैल को उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम बहुत गर्म और शुष्क रहेगा। हालांकि आसमान में कभी-कभार बादल दिख सकते हैं, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिलेगी, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं हैं। बिहार की तरह ही इससे सटे राज्य छत्तीसगढ़ में आसमान साफ़ रहने के साथ मौसम गर्म और शुष्क होगा।
पहाड़ी राज्यों में शुमार जम्मू-कश्मीर में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है, दिनभर आसमान में बादल छाए रहें और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम की वजह से मतदाताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
महाराष्ट्र को लेकर मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां पर आसमान साफ रहेगा और मौसम गर्म और शुष्क बना रहेगा।
वहीं, उत्तर पूर्व के अहम राज्य मणिपुर में पहले चरण के मतदान के दिन मौसम विभाग ने हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, उत्तर-पूर्व के एक अन्य राज्य मेघालय में ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहेगा, लेकिन कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मिजोरम में कुछ जगहों पर बारिश के भी आसार हैं। नगालैंड में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा, तो कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है। सिक्किम में आसमान में बादल छाए रहेंगे। एक-दो जगहों पर मध्यम बारिश की भी उम्मीद है।












































