टिकटॉक पर बैन से रोजाना 3.5 करोड़ रुपये का नुकसान, 250 नौकरियां खतरे में

0
799
Berlin, Germany - February 19: In this photo illustration the logo of chinese media app for creating and sharing short videos TikTok, also known as Douyin is displayed on a smartphone on February 19, 2019 in Berlin, Germany. (Photo by Thomas Trutschel/Photothek via Getty Images)

चीन के मशहूर वीडियो एप टिकटॉक पर भारत में प्रतिबंध लगाए जाने के कारण इसके डेवलपर बीजिंग बाइटडांस कंपनी को रोजाना 5 लाख डॉलर यानी करीब 3.5 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। नतीजतन 250 से ज्यादा नौकरियां खतरे में पड़ गई हैं। कंपनी ने सुप्रीम कोर्ट को यह जानकारी दी है।

टिकटॉक यूजर को स्पेशल इफेक्ट्स के साथ शॉर्ट वीडियोज क्रिएट करने और उन्हें शेयर करने की सुविधा देता है। यह दुनिया के सबसे लोकप्रिय एप में से एक है। इस महीने की शुरुआत में एक भारतीय अदालत ने केंद्र सरकार को टिकटॉक के डाउनलोड्स प्रतिबंधित करने का आदेश दिया। अदालत का कहना है कि यह एप अश्लीलता को प्रोत्साहित कर रहा है।

इस निर्देश के बाद केंद्रीय आईटी मंत्रालय हरकत में आया और एपल इंक व अल्फाबेट के गूगल ने पिछले हफ्ते अपने- अपने भारतीय एप स्टोर से टिकटॉक हटा लिए। टिकटॉक के लिए यह बड़ा घटनाक्रम इसलिए है क्योंकि भारत इस तरह के एप के लिए विशाल बाजार है। कठोर अदालती फरमान के कारण भारतीय बाजार में बाइटडांस के ग्रोथ प्लान को तगड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं पिछले हफ्ते शनिवार को भारत के सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर बाइटडांस ने प्रतिबंध हटाने का आग्रह किया था।

चीन की कंपनी ने सर्वोच्च अदालत से गुजारिश की थी कि वह आईटी मंत्रालय को निर्देश दे कि वह गूगल और एपल जैसी कंपनियों से कहे कि वे अपने-अपने एप स्टोर पर एक बार फिर टिकटॉक उपलब्ध कराएं। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने बाइटडांस की तरफ से बार–बार अपील किए जाने के बावजूद अंतरिम राहत नहीं दी और मामला वापस तमिलनाडु की अदालत के पास भेज दिया, जहां अगली सुनवाई बुधवार यानी 24 अप्रैल को होनी है। यह हलफनामा सार्वजनिक हुआ है और इसकी सामग्री पहले कहीं भी प्रकाशित या प्रसारित नहीं हुई है। टिकटॉक के एक प्रवक्ता और आईटी मंत्रालय ने इस मसले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।