आखिर व्यायाम कैसे है कैंसर का दुश्मन! इस अध्ययन में खुला राज

0
491

न्यूयॉर्क टाइम्स, वाशिंगटन। कुछ शोधों में यह दावा किया गया है कि व्यायाम करने से कई तरह के कैंसर खासकर कोलोन कैंसर (आंत का कैंसर) का खतरा कम हो जाता है। हालांकि, शारीरिक क्रियाएं किस तरह इस कैंसर को प्रभावित करती हैं इसका अभी तक पता नहीं चल सका है। ऑस्ट्रेलिया स्थित क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक अपने शोध के दौरान इसी का पता लगाना चाहते हैं। उन्होंने व्यायाम के बाद व्यक्ति के रक्त में आने वाले बदलाव का भी अध्ययन किया।

फिजिलॉजी नाम के जर्नल में छपे शोध के मुताबिक, कोलोन कैंसर का सफलतापूर्वक इलाज करा चुके 20 पुरुषों को शामिल किया गया। फिर उन्हें दो समूहों में बांटा गया। पहले समूह को एक महीने तक साइक्लिंग कराई गई। उन्हें चार मिनट तक साइक्लिंग करने के बाद तीन मिनट आराम करने के लिए कहा गया। यह प्रक्रिया वह दिन में चार पर दोहराते थे। यह ट्रेनिंग खत्म होने के बाद उन्हें आराम करने के लिए कहा गया। फिर शोधकर्ताओं ने उनके ब्लड सैंपल लिए।

दूसरे समूह के प्रतिभागियों ने केवल एक दिन उसी प्रक्रिया से साइक्लिंग की। साइक्लिंग से ठीक पहले और बाद में उनके खून का नमूना लिया गया। दो घंटे बाद फिर से उनका ब्लड सैंपल लिया गया। सभी सैंपल इकट्ठा होने के बाद शोधकर्ताओं ने कोलन कैंसर के ट्यूमर में उनका इस्तेमाल किया। इस प्रयोग के बाद बेहद चौंकाने वाले परिणाम सामने आए।

एक दिन के व्यायाम के बाद लिए गए ब्लड सैंपल से कैंसर की कोशिकाओं का प्रसार रुक गया जबकि अन्य से उन कोशिकाओं पर कोई खास असर नहीं पड़ा। इस प्रयोग के बाद शोधकर्ता जानना चाहते थे कि व्यायाम के तुरंत बाद लिए ब्लड सैंपल में ऐसा क्या मौजूद था जिससे कैंसर कोशिकाओं का विकास रुक गया?

इंफ्लेमेशन से रुका कैंसर कोशिकाओं का विकास
सभी ब्लड सैंपल के अध्ययन के बाद वैज्ञानिकों ने पाया कि व्यायाम से इंफ्लेमेशन बढ़ जाता है। यही इंफ्लेशन कैंसर कोशिकाओं के प्रसार को रोक देता है। शोधकर्ता टीना स्कीनर ने कहा कि शोध के नतीजे उत्साहव‌र्द्धक हैं। हालांकि इनके क्षणिक प्रभाव को देखते हुए इस पर निर्भर नहीं रहा जा सकता है। अब यह पता लगाना जरूरी है कि किस तरह व कितनी देर व्यायाम से इंफ्लेमेशन का असर लंबे समय तक रहेगा। आगे के शोध में यह भी पता लगाया जाएगा कि व्यायाम का असर अन्य कैंसर के खतरे को किस तरह कम कर सकता है।