आइए जानें गर्मी के मौसम में कैसा हो आपका खानपान और किस तरह रखें खुद को फिट

0
363

गर्मी में न सिर्फ वातावरण, बल्कि शरीर का तापमान भी बढ़ता है। बेचैनी, घबराहट, सुस्ती के अलावा पेट संबंधी परेशानियां इस मौसम में आम हैं। डाइट में थोड़ी फेरबदल करके और दिनचर्या में परिवर्तन करके इस मौसम का मजा लिया जा सकता है। पसीना, डिहाइड्रेशन, बेचैनी, घबराहट, सुस्ती और ऊर्जा में कमी गर्मी के मौसम में आम लक्षण हैं। हालांकि इस मौसम में हम अगर कुछ सावधानियां रख लें तो बेचैनी और सुस्ती को दूर भगाया जा सकता है। इसके लिए मौसम के अनुकूल डाइट के साथ ही अपनी दिनचर्या को संतुलित रखना होगा। आइए जानते हैं इस मौसम में कैसा हो खानपान और किस तरह रखें खुद को फिट।

  • गर्मी के मौसम में रोजाना ताजा भोजन ही करें। तुरंत पकाया हुआ भोजन सेहत के लिए सही रहता है। इस मौसम में सब्जी (खासतौर पर टमाटर-आलू वाली रसेदार सब्जियां) और दालें जल्दी खराब हो जाती हैं। इसलिए ताजा भोजन ही करें। ज्यादा तैलीय व अधिक मिर्च-मसाले वाले भोजन से दूर रहें।
  • सुबह उठने के एक-डेढ़ घंटे के भीतर कुछ न कुछ अवश्य खा-पी लें। देर तक बिना खाए रहने से शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी हो जाती है।
  • थोड़ी-थोड़ी देर में पोषक पदार्थ खाते रहने से ओवरईटिंग से भी बचा जा सकता है। बेहतर होगा कि दिन की शुरुआत हलके गुनगुने पानी में नींबू और शहद के साथ करें।
  • चाय-कॉफी का सेवन कम करें। कैफीन से शरीर में डिहाइड्रेशन बढ़ता है। इसके बजाय जूस, दही, लस्सी, मट्ठा, सत्तू, नींबू पानी, आम पना, बेल शर्बत, नारियल पानी, गन्ने का रस आदि को अपनी डाइट में शामिल करें।
  • घर में ग्लूकोज, ओआरएस घोल के अलावा पुदीन हरा (लिक्विड व कैप्सूल) आदि अवश्य रखें।
  • बाहर की गर्मी से आकर तुरंत फ्रिज का ठंडा पानी न पिएं। इसके बजाय सुराही या घडे़ के पानी को प्राथमिकता दें।
  • मीठे की क्रेविंग हो तो बाजार की मिठाइयों के बजाय आंवले या बेल का मुरब्बा, गुलकंद या पेठा खाएं।
  • ठंडे पेय पदार्थों से दूर रहें। अत्यधिक ठंडे खाद्य या पेय पदार्थ पाचन क्रिया के अलावा शरीर के नेचरल कूलिंग सिस्टम पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं।
  • सुपाच्य व हल्की सब्जियां गर्मियों का उपहार हैं। गाजर, टमाटर, पालक, खीरे के अलावा पानी से भरपूर लौकी, कद्दू, तरोई जैसी सब्जियां कम कैलोरी वाली होती हैं साथ ही इनसे एसिडिटी जैसी समस्याएं भी दूर होती हैं।
  • गर्मियों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचने के लिए सुबह जल्दी और देर शाम की वॉक करना बेहतर रहता है।
  • सुबह का समय मॉर्निग वॉक के लिए सबसे अच्छा रहता है। डिनर के बाद 15-20 मिनट की वॉक भी फिट रखेगी।
  • मेडिटेशन, योगा न केवल शारीरिक, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।
  • आजकल क्लब और जिम में भी विभिन्न प्रकार के योग व पावर योग कराए जाते हैं।
  • स्विमिंग आती है तो गर्मियों में तरोताजा रहने और बॉडी को शेप में रखने के लिए यह बेहतरीन उपाय है। टीनएजर्स के लिए तो यह जरूरी एक्सरसाइज है। छोटे
  • बच्चों को भी स्विमिंग क्लास में भेज सकती हैं। हालांकि इस संदर्भ में यह जरूर जांच लें कि वहां सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाता है या नहीं।
  • गर्मी में रोज पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। एक्सरसाइज या फिजिकल एक्टिविटी से पहले और बाद में भी पानी या लिक्विड पदार्थ लें। आहार में सूप, सलाद और
  • फलों की मात्रा बढ़ाएं।
  • इस मौसम में पानी जनित बीमारियां अधिक फैलती हैं। मौजूदा मौसम में सफाई का विशेष ध्यान रखें। समयसमय पर अपने हाथों को साफ करती रहें।

एक्सपर्ट एडवाइस

मेदांता दि मेडिसिटी, गुरुग्राम की न्यूट्रिशनिस्ट एवं डायबिटीज एजूकेटर शुभदा भनोत का कहना है कि गर्मियों में लाइट डाइट बेहतर रहती है। मौसमी फल और सब्जियां भरपूर मात्रा में खाएं। इससे पेट भरा रहेगा और शरीर से कैलोरी भी घटेगी। पानी खूब पिएं। नॉनवेज खाद्य पदार्थों के अलावा अधिक मिर्च-मसाले, लाल मिर्च और तली-भुनी चीजें कम खाएं। हफ्ते में एक दिन केवल लिक्विड डाइट ले सकती हैं। डिनर लाइट करें। डिनर के बाद तुलसी लेमन टी या आइस टी ली जा सकती है। बच्चों को तो गर्मी में ठंडे खाद्य पदार्थ बहुत भाते हैं। उनके लिए घर में ही विभिन्न प्रकार के ठंडे खाद्य और पेय पदार्थ बना सकती हैं। आइसक्रीम बनाने के दौरान उसमें ब्रेड का चूरा मिला दें तो वह गाढ़ी और अधिक स्वादिष्ट बनेगी। बच्चे दूध पीने में ना-नुकर करें तो दूध से आटा गूंथ लें और उसी की रोटी बनाकर उन्हें दें। इस मौसम में मोटे आटे का अधिक सेवन करें। पुदीने की चटनी, आम पना, दही, सत्तू आदि को नियमित खानपान में शामिल करें।

इनमें है दम

कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल, मुंबई की चीफ डाइटीशियन डॉ. भक्ति सामंत का कहना है कि गर्मियों में आने वाले बहुत से फलों को सुपर फ्रूट्स कहा जाता है। इनका सेवन करके मौसम की परेशानियों से बचा जा सकता है, जैसे तरबूज शरीर को हाइड्रेट रखता है साथ ही स्किन को धूप में डैमेज होने से बचाता है। संतरा व नींबू भी त्वचा में नमी बनाए रखते हैं और ताजगी प्रदान करते हैं। पाइनएपल शरीर में फैट और प्रोटीन के पाचन में सहायक होता है। आम में आयरन होता है। इससे शरीर का इम्यून सिस्टम मजबूत होता है। स्ट्रॉबेरीज से यूरिनरी प्रॉब्लम्स में राहत मिलती है। अगर आपका वजन अधिक नहीं है तो सुबह नाश्ते में केला खा सकती हैं। इसमें मौजूद पोटैशियम व आयरन आपको दिनभर चुस्त बनाए रखेगा। आंवले का मुरब्बा विटामिन सी, कैल्शियम, फॉस्फोरस व आयरन का अच्छा स्रोत है। पपीता पेट की तकलीफें दूर करता है। नारियल पानी कम कैलोरी वाला होता है और शरीर को हाइड्रेट भी रखता है। अंजीर में पोटैशियम मिलता है जिससे ऊर्जा प्राप्त होती है। खीरा भी हाइड्रेशन के लिए जरूरी है।