लोकसभा चुनाव के प्रचार को लेकर प्रत्याशियों ने गांव और शहरी क्षेत्र के लिहाज से अलग-अलग रणनीति बनाई है। वीकेंड (शनिवार और रविवार) पर प्रत्याशियों ने शहरी क्षेत्र को प्राथमिकता दी है। वहीं कार्य दिवसों (सप्ताह के पांच दिन) पर उम्मीदवार ग्रामीण क्षेत्र में मतदाताओं को लुभाएंगे।
चुनावी रण में जीत के लिए ताल ठोक रहे सभी बड़ी पार्टियों के उम्मीदवारों ने प्रचार के लिए इस रणनीति को अपनाया है। इसी के अनुसार प्रचार भी किया जा रहा है। बीते शनिवार और रविवार को प्रमुख दलों के सभी प्रत्याशियों ने शहरी क्षेत्र में प्रचार भी किया। सोमवार के बाद से सभी पार्टियों का प्रचार ग्रामीण क्षेत्र में चल रहा है।
प्रत्याशियों ने शनिवार और रविवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा शहर में प्रचार को प्राथमिकताओं में रखा है। वहीं, दादरी, जेवर, खुर्जा और सिकंद्राबाद के कस्बों और ग्रामीण क्षेत्र क्षेत्र में प्रत्याशी सोमवार से शुक्रवार तक प्रचार करेंगे। उसी के अनुसार प्रत्याशियों ने छोटी-छोटी सभाओं के लिए समय भी निर्धारित कर लिया है।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के ज्यादातर निवासी नौकरीपेशा हैं। दिन के समय काफी कम लोग अपने घरों में होते हैं। इनमें से ज्यादातर लोग इस समय दफ्तर में होते हैं जबकि प्रत्याशी को प्रचार के लिए दिन का समय ही मिलता है।










































