कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के लिए वाराणसी का नाम तब लिया, जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया. वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र है और इस बार भी वह लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार हैं. सोनिया गांधी गुरुवार को रायबरेली में कांग्रेस के बूथ कार्यकर्ताओं से मिलीं. एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक इस दौरान कार्यकर्ता ने चुनाव लड़ने के लिए रायबरेली क्षेत्र का नाम लिया तो प्रियंका गांधी ने कहा, ‘वाराणसी क्यों नहीं?’
प्रियंका गांधी ने गुरुवार को रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए कहा कि उनकी मां सोनिया गांधी थोड़ी परेशान थीं, क्योंकि वह खुद आप सभी से मिलने नहीं आ सकीं. इस पर वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें रायबरेली से चुनाव लड़ने के लिए कहा. इस पर हंसते हुए प्रियंका ने जवाब दिया, ‘वाराणसी से क्यों नहीं’. उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी पैठ बनाने की कोशिश कर रही कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी अयोध्या में होंगी. प्रियंका गांधी हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी, फिर एक रोड शो करेंगी.









































