देश के इस गांव के लोगों को सलाम, BOAT से 4 किमी का सफर तय कर किया VOTE

0
442

Lok sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव-2019 के प्रथम चरण में बृहस्पतिवार को दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश की वीआइपी सीट माने जाने वाले गौतमबुद्धनगर संसदीय क्षेत्र में भी मतदान हुआ, वहीं जिले का एक गांव दलेलपुर एक बार फिर चर्चा में है। दरअसल, इस गांव के लोगों ने नाव की मदद से तकरीबन 4 किलोमीटर और फिर पैदल या फिर ट्रैक्टर आदि से तीन किलोमीटर का सफर तय करके बृहस्पतिवार को लोकतंत्र के महापर्व यानी लोकसभा चुनाव में अपना मतदान किया। बता दें कि नाव के जरिये नहीं आने पर उन्हें सड़क मार्ग के जरिये 70 किलोमीटर का सफर तय करके मतदान के लिए आना पड़ता, जो लगभग असंभव सा हो जाता है। ऐसी स्थिति में इस गांव के लोगों ने लोकतंत्र के प्रति अपनी सच्ची भावना व्यक्त करते हुए न केवल कई किलोमीटर का सफर नाव के जरिये तक किया, बल्कि खुशी-खुशी लोकतंत्र के इस पर्व में वोट की अाहूति भी दी।

यहां पर बता दें कि दिल्ली के नजदीक होने के बावजूद दललेपुर गांव के हालात बदतर हैं। सड़क, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से महरूम रहने वाला यह गांव देश की आजादी के 71 साल बाद भी अपना हक मांग रहा है।