दोनों प्राधिकरणों ने हाथ किए खड़े, आम्रपाली के निवेशकों का सपना फिर धूमिल

0
357

नोएडा : आम्रपाली के निवेशकों के लिए पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट की ओर से आई राहत की खबर अब निवेशकों के लिए चिता का विषय बन रही है। इसकी वजह नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सुप्रीम कोर्ट के सामने अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा न करने की असमर्थता जताना है। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने दोनों प्राधिकरणों को अपने स्तर से अधूरे प्रोजेक्टों को पूरा करने को कहा है। इस पर दोनों प्राधिकरणों ने सुप्रीम कोर्ट में शपथ पत्र दिया है कि उनके पास संसाधनों की कमी है, जिस कारण वह अधूरे प्रोजेक्टों को पूरा नहीं कर सकेंगे। इससे एक बार फिर निवेशकों के सपने धूमिल होते नजर आ रहे हैं। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने दोनों प्राधिकरणों को अपने यहां के प्रोजेक्टों को पूरा करने की बात कही थी।

आम्रपाली के निवेशक पिछले कई वर्षों से अपने आशियाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। यहां आम्रपाली की संपत्तियों को बेचकर प्रोजेक्ट पूरे कराने की बात कही गई। कुछ प्रोजेक्ट बिके भी। उसके बाद भी करोड़ों रुपये अधूरे प्रोजेक्ट को पूरा कराने के लिए चाहिए है। ग्रेटर नोएडा में जहां छह प्रोजेक्ट हैं वहीं नोएडा में 7 प्रोजेक्ट को पूरे होने हैं। दोनों को मिलाकर करीब 42 हजार फ्लैटों का निर्माण होना है। इसके लिए करीब 4700 करोड़ रुपये की जरूरत है। इन्हें पूरा करने में दोनों प्राधिकरणों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक उनके ऊपर पहले से ही करीब 5500 करोड़ का कर्ज है। ऐसे में वह कैसे प्रोजेक्ट में निवेश करें। रियाल एस्टेट बुरे दौर से गुजर रहा है। आम्रपाली की जो जमीन है उसकी अब उतनी कीमत नहीं रह गई है जिसे बेचकर प्रोजेक्टों को पूरा कराया जा सके।