नाइजीरिया में जहाज समेत 5 भारतीय नाविक अपहृत, विदेश मंत्री ने दिया रिहाई का भरोसा

0
334

नाइजीरिया के बोनी आउटर लंगर में जहाज समेत पांच भारतीय नाविकों का अपहरण कर लिया गया है। विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने मंगलवार को नाइजीरिया में समुद्री डाकुओं द्वारा अपहृत पांच भारतीय नाविकों के खबर की पुष्‍टि की और उनकी रिहाई का आश्‍वासन दिया हैI

ट्वीट में विदेश मंत्री ने कहा, ‘मैंने नाइजीरिया में समुद्री डाकुओं द्वारा पांच भारतीय नाविकों के अपहरण की खबर देखी। इस मामले पर गौर करने व नाइजीरिया की सरकार से बात कर इनकी रिहाई के लिए मैं भारतीय उच्‍चायुक्‍त से बात कर रही हूं।‘ साथ ही उन्‍होंने नाइजीरिया में भारतीय दूत अभय को मामले पर गौर करने व रिपोर्ट भेजने को कहा है।

 

बता दें कि नाइजीरिया में बोनी आउटर लंगर में जहाज समेत पांच भारतीय नाविकों के अपहरण को 16 दिन हो गए हैं। अपहृत लोगों के परिजनों का दावा है कि उन्हें अपने परिवारवालों के बारे में कोई खबर नहीं मिली है।

अपहृत नाविकों में एक हरियाणा के अंकित हैं जिनके चाचा भूपेंद्र गुलिया का कहना है कि वह जहाज के मालिक, कंपनी, एजेंट और विदेश मंत्रालय तक जा चुके हैं लेकिन वहां से उन्हें अपने भतीजे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

अंकित एमटी एपेकस जहाज पर ऑर्डिनरी सीमैन के तौर पर काम करते हैं। अपह्रत के परिजन चाहते हैं कि इस मामले में विदेश मंत्री स्वराज तुरंत हस्तक्षेप करें।