ग्रेटर नोएडा :लोकसभा चुनाव 2019 , प्रत्याशियों के गणित पर नए समीकरण गढ़ रहीं चौपालें

0
562

गांवों की चौपालों पर चल रहीं पंचायतें प्रत्याशियों के गणित पर नए समीकरण गढ़ रही हैं। पंचायतों में पूर्व जनप्रतिनिधियों के कार्यकलापों और किसानों की समस्याओं पर उनके द्वारा किए गए प्रयासों की समीक्षा की जा रही है। पंचायतों में लिए जा रहे फैसलों पर अमल कराने की कवायद चल रही है।

मतदान की तिथि नजदीक आते ही गांवों में चुनावी गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। दुजाना, कचैड़ा, सादोपुर, अच्छेजा, बिसनोली आदि गांवों की चौपालों पर पंचायतें हो रही हैं। इन पंचायतों में बड़े बुजुर्ग अपने विचारों से सभी को अवगत करा रहे हैं। खास बात यह है कि पंचायतों ने इलाके की समस्याओं और जन प्रतिनिधियों के कार्यकलापों को भी लोगों के सामने रखा जा रहा है ताकि सभी वस्तुस्थिति से अवगत हो सकें।

गौतमबुद्धनगर सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के घोषणापत्र में 17 मुद्दे

पंचायतों में किसानों की समस्याएं, मुआजवा नहीं मिलना, आंदोलन में जेल जाना और जनप्रतिनिधियों की उपलब्धता आदि पर चर्चा हो रही है। पंचायतों में प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होने के बाद उसमें प्रत्याशियों के समर्थन पर निर्णय लिया जा रहा है। पंचायतों में लिए जा रहे फैसलों से सभी को अवगत कराया जा रहा है। साथ ही, फैसले पर अमल कराने की कवायद शुरू हो गई है। खासकर युवाओं को इन फैसलों के बारे में जानकारी दी जा रही है ताकि वह उन पर अमल कर सकें। वहीं, चुनाव को लेकर गांवों में हलचल तेज हो गई है। मतदान के दिन अधिक से अधिक लोगों को मतदान स्थल तक पहुंचाने की भी रणनीति पर काम चल रहा है।

गुपचुप रणनीति बन रही

कई गांवों में गुपचुप रणनीति भी बनाई जा रही है। ऐसे गांवों में किसी प्रत्याशी को खुलकर विरोध तो नहीं हो रहा, लेकिन वह किसी एक उम्मीदवार पर आम राय बनाने में जुटे हैं। इस काम में बुजुर्गों से अधिक युवा जुटे हैं ताकि मतदान से पहले स्थिति को साफ किया जा सके।

प्रत्याशी भी डेरा डाल रहे 

चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों ने गांवों में फोकस बढ़ा दिया है। भाजपा, बसपा, कांग्रेस व निर्दलीय उम्मीदवार गांवों के प्रचार के लिए अलग रणनीति पर काम कर रहे हैं। उम्मीदवार गांवों में उन पदाधिकारियों या मौजिज लोगों को लगा रहे हैं, जहां पर उनकी बात मानी जा सके।