पिछले लोकसभा चुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उप्र में 73 सीटों पर जीत हासिल की हो, लेकिन कांग्रेस की परंपरागत सीट रायबरेली से उन्हें निराशा मिली थी. सोनिया गांधी स्वास्थ्य कारणों से अपने संसदीय क्षेत्र में कम सक्रिय रही रहीं, फिर भी रायबरेली में उनका सिक्का बरकारार है. अभी उनकी बेटी प्रियंका गांधी ने रायबरेली में सोनिया गांधी के भेजे संदेश को पढ़कर लोगों में भावनात्मक प्यार जगा दिया है. वहीं, दूसरी ओर भाजपा ने भी कांग्रेस के पुराने साथी और एमएलसी दिनेश सिंह को पार्टी में शामिल कराकर सेंधमारी की है. अमित शाह ने खुद रैली कर एक बड़ा संदेश देने का प्रयास किया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रायबरेली में आधुनिक रेल कोच कारखाने और 558 करोड़ रुपये की लागत से बने रायबरेली-बांदा हाइवे का भी लोकार्पण कर एक बड़ा संदेश देने का प्रयास किया है.यहां के लोगों में सोनिया गांधी से भावनात्मक लगाव है. कांग्रेस के समय में हुए विकास कार्य ही इस लगाव का मजबूत आधार है. शायद यही वजह है कि भाजपा के लिए रायबरेली सीट से जीत का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं है. वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक परितोष सिंह कहते हैं कि रायबरेली में कांग्रेस बहुत मजबूत है. भाजपा की कांग्रेस से सीधी लड़ाई है. सोनिया गांधी के कामों का यहां अभी तक कोई तोड़ नहीं है. प्रदेश सरकार ने यहां बहुत तेजी दिखाई है. लोगों को खुद से जोड़ने का प्रयास किया है, लेकिन यह मत में कितना परिवर्तित होगा, यह चुनाव के बाद पता चलेगा.










































