टीवी डेस्क. कपिल शर्मा और गिन्नी चतरथ की 12 दिसम्बर को जालंधर में शादी हुई है। इसके बाद 13 दिसम्बर को कपल ने फैमिली और फ्रैंड्स के लिए एक रिसेप्शन भी दिया है। TOI की खबर के मुताबिक कपिल ने अपनी शादी, रिसेप्शन और बाकी रस्मों में मेहमानों के खाने के बाद बचे हुए फूड को डोनेट कर दिया, जिसे जालंधर, अमृतसर और आस-पास के क्षेत्रों में जरूरतमंदों को बांटा गया।
NGO ने पहले ही किया संपर्क : खबर के अनुसार जब संस्था को कपिल की ग्रैंड वेडिंग के बारे में पता चला तो अधिकारियों ने कपिल से संपर्क किया और कहा कि शादी में बड़ी मात्रा में खाना बचेगा। इसलिए आप बचा हुआ खाना हमें दे दें। जिसे हम जरूरतमंदों को बांट देंगे। सोशल कॉज की बात सुनकर कपिल ने तुरंत हामी भर दी और शादी ही नहीं सारी रस्मों के बचे हुए खाने को भी एनजीओ को डाेनेट करने की बात कही।
कपिल के काम से जागेगा देश : एनजीओ के फाउंडर ने बताया – कपिल ने अपनी शादी का बचा हुआ खाना डोनेट कर दूसरों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। निश्चित रूप से यह सभी को अवेयर करेगा और बाकियों को भी ऐसा करने की प्रेरणा देगा। कपिल ने न सिर्फ लोगों के चेहरे पर हंसी लाने का काम किया है बल्कि उनकी जरूरत के समय मदद करके भी उनके चेहरों पर मुस्कान लाए हैं। मुझे उम्मीद है कपिल का यह कदम देशभर के लोगों को खाना बर्बाद न करने और बचे हुए खाने को डोनेट करने प्रेरित करेगा।





































