किराया नहीं चुका पाने के चलते जेट एयरवेज ने 15 और विमान खड़े किए

0
402

वित्तीय संकट से जूझ रही जेट एयरवेज के विमानों के परिचालन से बाहर होने का सिलसिला जारी है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि विमान पट्टे का किराया नहीं चुका पाने के चलते उसे 15 और विमान खड़े करने पड़े हैं। इस तरह उसके कुल 69 विमान अब तक परिचालन से बाहर हैं। बता दें कि अब कंपनी के बेड़े के पास सिर्फ 20 विमान ही नियमित परिचालन में इस्तेमाल किए जा रहे हैं।

विमानन कंपनी ने किराया चुकाने में चूक करने के चलते मार्च अंत तक कुल 54 विमानों को परिचालन से हटा दिया था। जेट एयरवेज ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा, ‘विमानों को पट्टे पर देने वाली कंपनियों का बकाया नहीं चुका पाने के चलते 15 और विमानों को खड़ा कर दिया गया है।’

उल्लेखनीय है कि जेट एयरवेज के निदेशक मंडल ने 25 मार्च को भारतीय स्टेट बैंक की अगुआई में तैयार कर्जदाताओं की समाधान योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत कर्जदाता कंपनी का नियंत्रण अपने हाथों में लेने और उसमें 1,500 करोड़ रुपये की पूंजी डालने का फैसला किया था।