किसान पदयात्रा की वजह से बुधवार सुबह आप ट्रैफिक जाम में फंस सकते हैं। इस लिए रूट चेक कर समय से पहले निकलें। यूपी गेट पर किसानों के आंदोलन की वजह से विजय नगर, लाल कुआं, छिजारसी और इंदिरापुरम से आने वाले वाहन चालक सीधे दिल्ली की तरफ नहीं जा पाएंगे, उनको नोएडा से होते हुए आगे का रास्ता तय करना होगा। इसकी वजह से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सेक्टर-63, सेक्टर-62 से डीएनडी व सेक्टर-14ए की तरफ जाने वाले रास्तों पर जाम की स्थिति हो सकती है। इस वजह से आम दिनों के मुकाबले समय से कुछ पहले घर से निकलना ही बेहतर होगा। मंगलवार को गांधी जयंती के मौके पर ऑफिस बंद होने के चलते ट्रैफिक पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ा, लेकिन बुधवार को स्थिति बिगड़ सकती है। एनएच-24 के बंद होने से गाजियाबाद से आने वाले वाहनों को नोएडा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसकी वजह से शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का प्रेशर बढ़ेगा। एसपी ट्रैफिक अनिल कुमार ने बताया है कि शहर में जाम की स्थित न बने इसके लिए यातायात पुलिसकर्मियों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मॉडल टाउन, लेबर चौक, छिजारसी, तिगड़ी गोल चक्कर पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है। यदि किसी जगह पर जाम लगने की सूचना मिलेगी तो वहां पर टीम को रवाना कर दिया जाएगा।










































