नोएडा : लोकसभा चुनाव के दौरान गौतमबुद्ध नगर में इस बार चुनाव प्रचार का ट्रेंड बदल गया है। अब गलियों व नुक्कड़ों पर होने वाली चर्चाओं का डिजीकरण हो गया है। चुनावी शोरगुल भी धीरे-धीरे समाप्त होता दिख रहा है। गलियों और घरों की छतों से पार्टियों के झंडे नदारद हैं। वहीं, प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों से लेकर निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है। जाहिर है लोगों का अधिकांश समय भी सोशल मीडिया पर ही बीत रहा है।
सड़क पर अब न तो प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी कर माहौल बनाने वाले लाउडस्पीकर का शोर सुनाई दे रहा है और न ही उनके पीछे गलियों में चलने वाला लोगों का काफिला। अब प्रत्याशी जहां भी जाते हैं। वहां के कार्यकर्ताओं को वाट्सएप मैसेज और फोन कर एकत्र होने का निर्देश दे दिया जाता है। वहीं, सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के समर्थकों की ओर से बनाए गए वाट्सएप और फेसबुक ग्रुप के जरिये भी प्रचार किया जा रहा है। चुनाव प्रचार के लिए हर पार्टी ने आइटी प्रकोष्ठ का गठन किया है। यह आइटी प्रकोष्ठ प्रत्याशियों की सकारात्मक छवि के साथ ही पार्टी की विचारधारा का भी संदेश पहुंचा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की नजर से बचने के लिए सीधे वोट न मांगकर तीन से चार प्रत्याशियों के नाम और फोटो पोस्ट किए जा रहे हैं। इस पोस्ट के माध्यम से जिले के साथ ही देश के लोगों से भी राय मांगी जा रही है। हालांकि अप्रैल के पहले सप्ताह में गठबंधन व दोनों राष्ट्रीय पार्टियों के स्टार प्रचारक नोएडा में आ सकते है। साथ ही रैली व बड़ी जनसभा भी हो सकती है। चुनाव आयोग की सख्ती से बदला प्रत्याशियों ने तरीका : चुनावी प्रचार का शोर निर्वाचन आयोग द्वारा चुनावी खर्चे पर शिकंजा कसने से भी कम हो गया है। निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक प्रत्याशी के खर्च का आंकड़ा 70 लाख रुपये तय किया है। इसकी निगरानी के लिए चुनाव आयोग द्वारा प्रत्येक विधानसभा में तीन टीमों का गठन किया है। इसी के चलते प्रत्याशियों के समर्थक खुले में झंडा-बैनर लेकर प्रचार करने से डर रहे हैं। प्रत्याशियों के समर्थकों को इस बात का डर सता रहा है कि अगर चुनाव आयोग के कर्मचारियों को पता चला तो यह खर्च भी उनके प्रत्याशी के चुनाव में जुड़ जाएगा। मतदाताओं की व्यस्तता भी एक प्रमुख वजह : सोशल मीडिया पर चुनाव प्रचार का ट्रेंड बदलने की वजह मतदाताओं की व्यस्तता भी है। पहले के मुकाबले अब रैलियों और नुक्कड़ सभाओं में भीड़ जुटाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में प्रमुख पार्टियों के प्रत्याशियों से लेकर निर्दलीय प्रत्याशियों द्वारा सोशल मीडिया का सहारा लिया जा रहा है।











































