जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से मोस्ट फेवर्ड नेशन (एमएफएन) का दर्जा छीनने से पाकिस्तान बौखलाया गया है। पाकिस्तान इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंच पर उठाने की तैयारी कर रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के वाणिज्य सलाहकार अब्दुल रज्जाक दाऊद ने रविवार को इशारा किया कि भारत के इस कदम को वे विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में उठाने के बारे में सोच रहे हैं। जैश आतंकी के इस आत्मघाती हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। वहीं कई घायल हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस हमले की दुनियाभर में निंदा की जा रही है।
आरोप लगाने में जल्दबाजी: पाकिस्तान
पाकिस्तान ने रविवार को दावा किया कि पुलवामा हमले के लिए जिम्मेदार आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद पर साल 2002 में प्रतिबंध लगाया गया था। पाकिस्तान इन प्रतिबंधों पर कानून के मुताबिक दायित्व निभा रहा है। पाक विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमले के कुछ समय के भीतर और बिना जांच के ही आरोप लगाए गए हैं।







































