नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ ही सोमवार का दिन अपने साथ कई ऐसे बदलाव ला रहा है, जो आम जनता की जिंदगी को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाले हैं। इनमें अधिकतर बदलाव उनकी जिंदगी को सुकून देने वाले हैं। हालांकि कुछ ऐसे भी हैं जिनसे कई लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। पेश है इन बदलावों की एक झलक….
इन क्षेत्रों में मिलेगी राहत
आयकर में बड़ी छूट : वेतनभोगी वर्ग के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि नए नियमों के तहत उनकी पांच लाख रुपये तक की आय पूरी तरह टैक्स फ्री होगी। समझदारी से बचत करने वाले करदाता कई तरह की अन्य छूट का फायदा लेते हुए आठ से साढ़े आठ लाख रुपये तक की आय पर कर की बचत कर सकेंगे। बैंकों और डाकघरों में जमा पर मिल रहा 40 हजार रुपये तक का ब्याज भी करमुक्त होगा। आम बजट से जुड़े सभी अन्य फायदे सोमवार से लागू हो रहे हैं।
बैंकों का लोन होगा सस्ता : सोमवार से बैंक एमसीएलआर के बजाय भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के रेपो रेट के आधार पर कर्ज देंगे। ऐसे में आरबीआइ जब भी रेपो रेट में कटौती करेगा, बैंकों को कर्ज पर ब्याज घटाना ही होगा। इससे सभी तरह का कर्ज सस्ता होने की उम्मीद है। हालांकि रेपो रेट में बढ़ोतरी की सूरत में बैंक ब्याज दर बढ़ा भी सकते हैं।
सस्ता होगा घर : वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद द्वारा पिछली बैठक में निर्माणाधीन मकानों पर जीएसटी दर को घटाकर एक फीसद और अन्य वर्ग के मकानों पर पांच फीसद कर दिया गया है। इसके साथ ही अफोर्डेबल हाउसिंग के तहत घर के दाम की सीमा भी 30 लाख से बढ़ाकर 45 लाख रुपये कर दी गई है। ऐसे में शहरी क्षेत्रों में भी मध्यम वर्ग के लिए दो कमरे का मकान खरीदना अब किफायती हो गया है।
पैन-आधार लिंक का समय बढ़ा : सरकार ने पैन कार्ड और आधार कार्ड को लिंक कराने की समय-सीमा छह महीने के लिए और बढ़ा दी है। पहले यह सीमा 31 मार्च तक ही थी।
कंपोजीशन स्कीम की बढ़ी लिमिट : कंपोजीशन स्कीम की सीमा बढ़कर अब 1.5 करोड़ रुपये टर्नओवर तक होगी। जीएसटी के तहत अब उन्हीं का पंजीकरण अनिवार्य होगा, जिनका सालाना टर्नओवर 40 लाख रुपये होगा। ऐसे में छोटे कारोबारियों को बड़ा फायदा मिलेगा।











































