श्रीलंका में रविवार को ईस्टर के मौके पर लक्जरी होटलों और चर्चो में हुए आत्मघाती विस्फोटों में कम से कम 156 लोग मारे गए और 300 से ज्यादा घायल हो गए. गृह युद्ध के अंत के बाद से यह सबसे बड़ा खूनखराबा वाला दिन रहा. चर्च समेत अलग-अलग हिस्सों में सिलसिलेवार तरीके से धमाकों से श्रीलंका रविवार की सुबह दहल उठा. बताया जा रहा है कि श्रीलंग में अलग-अलग 6 जगहों पर धमाके हुए हैं. अलग-अलग जगह हुए धमाकों में अब तक 156 लोगों के मारे जाने की खबर है. इन सीरियल धमाकों में 300 से अधिक लोग घायल भी हो गये हैं. घायलों को अस्पताल ले जाया गया है.
श्रीलंका के इतिहास में यह सबसे भयानक हमलों में से एक है. आर्थिक सुधार एवं लोक वितरण मंत्री हर्ष डि सिल्वा ने कहा, ‘विदेशी लोगों समेत कई लोग मारे गए हैं.’ इस हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है. श्रीलंका में पूर्व में लिट्टे (एलटीटीई) ने कई हमले किए हैं. हालांकि 2009 में लिट्टे का खात्मा हो गया. राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. सिरिसेना ने कहा, ‘मैं इस अप्रत्याशित घटना से सदमे में हूं. सुरक्षाबलों को सभी जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.’
श्रीलंकन पुलिस के मुताबिक, यह ब्लास्ट तीन चर्च और तीन होटलों में हुए हैं. पुलिस ने बताया है कि विस्फोट राजधानी के कई आलीशान होटलों और एक चर्च में हुआ है, जबकि दो अन्य धमाके कोलंबो के बाहर चर्च में हुए हैं. दरअसल यह धमाका उस समय हुआ, जब ईस्टर की प्रार्थना के लिए लोग चर्च में एकत्रित हुए थे. चर्च के बाहर भीड़ थी. पुलिस ने बताया कि स्थानीय समयनुसार पहला धमाका सुबह 8:45 पर हुआ. हालांकि, अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.













































