नीदरलैंड्स के हेग स्थित इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में कुलभूषण जाधव मामले पर चार दिनों तक चलने वाली सुनवाई सोमवार को शुरु हुई. मामले पर आईसीजे का दरवाज़ा खटखटाने वाले भारत को सबसे पहले अपनी दलील रखने का मौका मिला. भारत के वकील हरीश साल्वे ने जहां सिलसिलेवार दलीलों के साथ पकिस्तान के फैसले को वियना संधि के खिलाफ बताया वहीं पाक की पूरी कानून व्यवस्था को ही कठघरे में खड़ा किया. भारत ने अदालत से जाधव की सज़ा रद्द करने और रिहाई के आदेश देने की अपील की है.
सुनवाई के बाद एबीपी न्यूज़ से बातचीत में वकील हरीश साल्वे ने कहा कि यह मामला अब अंतरराष्ट्रीय अदालत में है. भारत को पूरी उम्मीद है कि उसे यहां से न्याय मिलेगा. साल्वे ने करीब 15 जजों की बेंच के सामने करीब तीन घंटे तक भारत की दलीलों को रखा.
भारतीय समयानुसार करीब ढाई बजे सुनवाई शुरू होने पर सबसे पहले भारत के एजेंट और विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान-अफगानिस्तान-ईरान मामलों के प्रभारी दीपक मित्तल ने पाकिस्तान पर कोर्ट की अवमानना का आरोप लगाते हुए अदालत से इसकी शिकायत की. मित्तल ने कहा कि पाकिस्तान विदेश मंत्रालय ने सुनवाई से पूर्व कथित फैक्ट शीट जारी कर कोर्ट में आने के पहले ही एक कथानक बनाने का प्रयास किया है. मित्तल के मुताबिक भारत ने 15 फरवरी को इसकी लिखित शिकायत भी अदालत को दी है.








































