गुरुग्राम। गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार व महिला सुरक्षा के अलावा इस बार खेड़कीदौला टोल प्लाजा का मुद्दा सबसे अहम रहेगा। इस एकमात्र मुद्दे पर ही लाखों का वोट बैंक टिका हुआ है। सोशल मीडिया पर टोल हटाने का मुद्दा अभी से ही जोर पकड़ चुका है। पिछले चुनावों में जिन्होंने इसे मुद्दा बनाया था वह फिलहाल मौन हैं, लेकिन अन्य संभावित उम्मीदवारों और राजनीतिक दलों ने इसी मुद्दे को ढर्रा बनाकर नए सेक्टरों में रहने वालों के वोट बटोरने की तैयारी कर ली है।
टोल प्लाजा से सटे नए गुरुग्राम के एक दर्जन से अधिक सेक्टरों में मतदाताओं की संख्या एक लाख से भी ज्यादा है। इन मतदाताओं ने साफ कर दिया है कि केवल उसी उम्मीदवार को चुनेंगे जो उनकी मुख्य समस्याओं में से एक खेड़कीदौला टोल प्लाजा को हटवाने के लिए गंभीरता से आगे आएगा। टोल प्लाजा को हटवाने के लिए स्थानीय लोग लंबे समय से मुहिम चला रहे हैं। कई बार भूख हड़ताल भी कर चुके हैं। सत्ताधारी पार्टी से लेकर विपक्ष से भी टोल प्लाजा को हटवाने की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन टोल अभी तक नहीं हट पाया है। ऐसे में अब स्थानीय लोगों ने पक्का मन बना लिया है कि चुनावों में इस समस्या को दूर करने वाले को ही अपना मत देकर उसके सिर पर जीत का ताज सजाएंगे।










































