तेलंगाना का दूसरा किसान विद्रोह: 179 किसान लड़ रहे चुनाव

0
529
  • सीएम केसीआर की सांसद बेटी कविता ने किसानों को वाराणसी-अमेठी से चुनाव
  • लड़कर विरोध जताने की सलाह दी। लेकिन, किसान उनके ही खिलाफ खड़े हो गए

मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कल्वकुंतला कविता ने कुछ दिनों पहले एक चुनावी सभा में कहा था कि तेलंगाना के एक हजार किसानों को बनारस और अमेठी जाकर नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहिए ताकि प्रधानमंत्री को और कांग्रेस अध्यक्ष को मालूम पड़े कि खेती-किसानी करने वालों की हालत कितनी खराब है। कविता निजामाबाद क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं और इस दफा फिर से अपने पिता की पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।

लगता है, किसानों ने उनके आह्वान को गंभीरता से लिया। पर 1100 किलोमीटर दूर जाने की बजाय उन्होंने अपने घर निजामाबाद से ही नामांकन भर दिया। नतीजा यह है कि अब यहां से 179 किसान खड़े हुए हैं, जबकि कुल उम्मीदवार 185 हैं। वे केवल अपनी समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने चुनाव लड़ रहे हैं। उम्मीदवारों में से एक ताहेर बिन हमदान कहते हैं, ‘हल्दी का दाम इतना कम हो गया है कि एक एकड़ पर हमको 40 हजार रुपए का नुकसान हो रहा है।’

तेलंगाना के किसान अपने विद्रोही और सत्ता विरोधी तेवर के लिए मशहूर हैं। जमींदारों और निजाम के खिलाफ 1946-48 के हथियारबंद किसान विद्रोह की याद अभी भी लोगों के जहन में है। पर अब विद्रोह ऐसी सरकार के खिलाफ है जो दावा करती है कि वह किसानों को इतनी सुविधाएं दे रही है जो दूसरे राज्यों में सपना ही है। खेतों के लिए मुफ्त बिजली के अलावा हर किसान को साल में 8000 रुपए प्रति एकड़ मिल रहे हैं। 59 की उम्र के पहले मृत्यु होने पर उनके परिवार को 5 लाख रु. का बीमा मिलता है।