चुनाव से पहले किसी राजनीतिक दल को टीवी चैनल शुरू करने की अनुमति देने के मामले में चुनाव आयोग ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से विस्तृत जानकारी देने को कहा है।
सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले ‘नमो टीवी’ को लांच करने के मामले में कांग्रेस और ‘आप’ की शिकायत पर मंत्रालय से मामले के तथ्यों से अवगत कराने को कहा है। दोनों दलों ने चुनाव से ठीक पहले ‘नमो’ चैनल शुरु करने की इजाजत देने की शिकायत करते हुए इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया है। दलों ने आयोग से पूछा कि क्या इस चैनल को शुरु करने की इजाजत ली गई।
चैनल के लोगो में प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया है और इस पर मोदी के भाषणों का प्रसारण किया जा रहा है। समझा जाता है कि इस चैनल का प्रसारण डीटीएस और विभिन्न केबल टीवी प्लेटफॉर्म पर हो रहा है। इस पर मोदी और अन्य भाजपा नेताओं के साक्षात्कार प्रसारित होते हैं। ‘आप’ ने शिकायत में कहा था कि अगर राजनीतिक दलों को टीवी चैनल शुरु करने की इजाजत दी जाती है तो क्या इससे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होगा।







































