- 90% से 95% वर्षा सामान्य से कम मानी जाती है, इस साल इतनी बारिश के 55% आसार
- पिछले साल औसत बारिश 91% हुई थी, स्काइमेट ने 100% और मौसम विभाग ने 97% बारिश का अनुमान जताया था
- इससे पहले 2017 में देश में 95% बारिश हुई थीप्राइवेट एजेंसी स्काइमेट ने 2019 में देश में मानसून सामान्य से कम रहने का अनुमान जताया है। स्काइमेट के मुताबिक, इस साल मानसून में दीर्घावधि औसत (एलपीए) के मुकाबले 93% बारिश हो सकती है। इसमें 5% की अधिकता या कमी भी हो सकती है। जून-सितंबर के बीच मानसून में दीर्घावधि औसत 887 मिलीमीटर की तुलना में कम बारिश होगी। मानसून के सामान्य से नीचे रहने के 55% से ज्यादा आसार हैं।
स्काइमेट के मुताबिक, पूर्वी भारत और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में मानसून के खराब रहने की आशंका है। इन इलाकों में शुरुआती दो महीनों में मानसून कमजोर रहेगा।
फरवरी में स्काइमेट ने मानसून सामान्य रहने का अनुमान जताया था
इससे पहले स्काइमेट ने 25 फरवरी 2019 को रिपोर्ट जारी कर इस साल सामान्य मानसून रहने का अनुमान जताया था। स्काइमेट के मुताबिक, जनवरी में मौजूदा स्थिति को देखते हुए मानसून सामान्य रहने के संकेत मिले थे। इसलिए सामान्य मानसून का अनुमान जताया गया था। लेकिन मौजूदा परस्थितियों में काफी परिवर्तन देखने को मिला है।













































