दसवीं और बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के रोजाना होंगे टेस्ट
गुरुग्राम। हरियाणा बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम लाने के लिए अब सरकारी विद्यालयों में 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को रोजाना टेस्ट देना होगा। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में पहली बार यह व्यवस्था शुरू की गई है। टेस्ट भी मुख्य परीक्षा की ही तरह होगा। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पिछले दिनों जिले के स्कूल मुखियाओं के साथ मासिक बैठक की थी, इसमें गुरुग्राम-सोहना, पटौदी फर्रुखनगर के शिक्षकों के साथ बोर्ड परीक्षा की तैयारियों पर विशेष चर्चा की गई थी। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश शास्त्री ने 10वीं व 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों का हर रोज टेस्ट लेने का आदेश दिया। शिक्षक स्कूल विषय के अनुसार टाइम टेबल तैयार करके टेस्ट लेंगे। टेस्ट इसी सप्ताह से शुरू होगा।लिखित अभ्यास पर दिया जा रहा ध्यान
विद्यार्थी पाठ्यक्रमों को सिर्फ याद ही न करें बल्कि लिखने का भी अभ्यास निरंतर करें। इसके लिए स्कूलों में विद्यार्थियों को लिखने का अभ्यास कराया जाएगा। परीक्षा परिणाम बेहतर लाने के लिए की जा रही तैयारी
बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियों का बेहतर परिणाम आए इसके लिए रोजाना टेस्ट कराने का निर्णय लिया गया है। अंग्रेजी व गणित पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। इससे बच्चों की परीक्षा की तैयारी अच्छी होगी व परीक्षा परिणाम बेहतर आएगा। दिनेश शास्त्री, जिला शिक्षा अधिकारी










































