मतदान केंद्रों तक पोलिंग पार्टियों को लाने-ले जाने के लिए प्रशासन छह सौ से अधिक वाहनों का अधिग्रहण करेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर वाहन संचालकों को नोटिस जारी करने की कवायद शुरू हो गयी है। जिला प्रशासन ने परिवहन विभाग को वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है। छह सौ से अधिक छोटे बड़े वाहनों को पहले चरण में नोटिस जारी किया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार परिवहन विभाग को वाहनों की व्यवस्था करनी होगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एमएन उपाध्याय के मुताबिक अधिगृहीत वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर पहुंचने के लिए निर्देशित किया जाएगा। करीब चार सौ बड़े व दो सौ छोटे वाहन चुनाव प्रक्रिया में लगाए जाएंगे। इतने ही वाहन पुलिस विभाग को दिए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि जिले में पहले चरण में मतदान होना है। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति कर दी है। जिसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को पहले व दूसरे चरण का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने निष्पक्ष व पूरी पारदर्शिता से चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए है।









































