पूरे देश में आज रंगों का त्योहार रंग पंचमी मनाया जा रहा है मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान अपने भक्तों के साथ रंग खेलते हैं। आपको पता ही होगा कि हिन्दू मान्यताओं के आधार पर सप्ताह के हर एक दिन एक विशेष देवी/देवता की पूजा करने से मनोकामनाओं की पूर्ति होती है। देवी-देवता प्रसन्न होते हैं और मन मुताबिक वरदान देते हैं। आज हम आपको ये बताने जा रहे हैं कि किस दिन किस रंग के कपड़े पहनना चाहिए।
- सोमवार : हिन्दू मान्यताओं के अनुसार सोमवार का दिन भगवान चंद्र देव का दिन होता है। और उन्हें सफेद रंग सबसे प्रिय है, इसलिए इस दिन सफेद रंग का वस्त्र धारण करें, आपके लिए शुभ सिद्ध होगा।
- मंगलवार : यह दिन पवनपुत्र, चिरंजीवी, अंजनी पुत्र हनुमानजी को समर्पित होता है। हनुमानजी को लाल रंग पसंद है, तो इस दिन लाल रंग के वस्त्र धारण करें तो सब कुछ मंगलमय ही होगा।
- बुधवार : यह दिन गणेशजी का माना गया है। भगवान गणेश को दुर्वा बहुत प्रिय है। दुर्वा का रंग हरा है तो ऐसे में यदि हरे रंग के वस्त्र धारण किए जाएं तो सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है।
- गुरुवार : गुरुवार यानी बृहस्पति का दिन भगवान विष्णु का दिन है। वैसे इसे भगवान बृहस्पति का दिन भी माना जाता है, लेकिन यदि श्रीहरि की बात करें तो उन्हें पीतांबर रंग पसंद है, इसलिए इस दिन पीले रंग के वस्त्र धारण करें।
- शुक्रवार : यह दिन आदि शक्ति को समर्पित होता है। आदि शक्ति को गहरे लाल या गुलाबी रंग के वस्त्रों में ही सजा हुआ पाते हैं। इसलिए इस दिन गुलाबी रंग के कपड़े पहनना चाहिए।
- शनिवार : यह दिन शनि भगवान का होता है। मान्यताओं के अनुसार भगवान शनिदेव को नीला और काला रंग बहुत प्रिय है, इसलिए इस दिन नीले और काले कपड़े पहनना बेहतर होता है।
- रविवार : इस दिन सूर्य देव की उपासना की जाती है। भगवान सूर्य को नारंगी वस्त्र प्रिय है, इसलिए इस दिन नारंगी रंग के कपड़े धारण करें, इससे आप पर सूर्यदेव की कृपा बनी रहेगी।













































